गुरूवार, 30 जुलाई 2026 | IST

एसपी के निर्देश और नैनपुर पुलिस की मेहनत रंग लाई, लाखों की चोरी का हुआ खुलासा : घटनास्थल पर स्वयं पहुंचे थे पुलिस अधीक्षक, लगातार मॉनिटरिंग के बाद दो आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल और मोबाइल जब्त

Khabri Chacha

35 minutes ago 52 views
घटनास्थल पर स्वयं पहुंचे थे पुलिस अधीक्षक, लगातार मॉनिटरिंग के बाद दो आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल और मोबाइल जब्त

नैनपुर।

करीब डेढ़ माह पहले वार्ड क्रमांक 15 स्थित शिक्षक अनंत कुमार वैष्णव के सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का नैनपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस बहुचर्चित मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की रकम से खरीदी गई एक करिश्मा ZMR मोटरसाइकिल और वीवो कंपनी का मोबाइल बरामद किया है। मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह रहा कि मुख्य आरोपी उसी महिला का बेटा निकला, जो फरियादी के घर पर काम करती थी।

यह मामला जून माह में नगर की सबसे चर्चित चोरी की घटनाओं में शामिल था। घटना के बाद 14 जुलाई को पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी स्वयं नैनपुर पहुंचे थे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसके बाद लगातार तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और जमीनी स्तर पर की गई जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस के अनुसार 6 जून 2026 को फरियादी अपने परिवार के साथ विवाह समारोह में बाहर गया हुआ था। वापस लौटने पर घर के पीछे के दोनों दरवाजों की कुंडियां टूटी मिलीं तथा घर से करीब 7 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 2 लाख 25 हजार रुपये नकद और अन्य सामान चोरी हो चुका था। इस संबंध में थाना नैनपुर में अपराध क्रमांक 261/2026 पंजीबद्ध कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) एवं 303(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने वार्ड क्रमांक 15 निवासी प्रिंस मर्सकोले तथा एक बाल अपचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी की रकम से करिश्मा ZMR मोटरसाइकिल और वीवो कंपनी का मोबाइल खरीदा गया था। पुलिस ने दोनों सामान जब्त कर लिए हैं।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी के अधिकांश सोने-चांदी के आभूषण फरार आरोपी नागपुर में बेच चुके हैं। पुलिस अब उन जेवरों की बरामदगी, खरीदारों की जानकारी जुटाने तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। थाना प्रभारी मंसाराम बघेन के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को नैनपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जबकि जून माह में हुई अन्य चोरी की घटनाओं की जांच भी जारी है।

शेयर करें

जरूरी खबरें