शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026 | IST

नैनपुर में सियासी घमासान! नरेश चंद्रोल पर FIR के बाद बढ़ी हलचल : मुकुल के परिवार से पुराना विवाद, ; भाजपा नगर अध्यक्ष ने प्रशासनिक कार्यवाही में नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाए।

Khabri Chacha

1 hour ago 390 views
मुकुल के परिवार से पुराना विवाद, ; भाजपा नगर अध्यक्ष ने प्रशासनिक कार्यवाही में नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाए।

नैनपुर। नगर में अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक और कानूनी मोड़ ले चुका है। प्रेम होटल के सामने भाजपा जिला महामंत्री एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नरेश चंद्रोल और होटल संचालक के पुत्र मुकुल गाजरानी के बीच हुए विवाद में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। खास बात यह है कि इस मामले में नरेश चंद्रोल के खिलाफ भी अपराध क्रमांक 546/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जबकि मुकुल गाजरानी के खिलाफ अपराध क्रमांक 545/2026 दर्ज है।

जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर को नैनपुर में अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान प्रेम होटल के सामने नरेश चंद्रोल और मुकुल गाजरानी के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। बताया जा रहा है कि मुकुल गाजरानी तहसीलदार के समक्ष अतिक्रमण कार्रवाई से संबंधित अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान कार्रवाई को लेकर विवाद बढ़ गया।

पुरानी रंजिश का इतिहास, पहले भी घर तक पहुंचा था विवाद

इस पूरे घटनाक्रम को केवल एक दिन का विवाद मानना मुश्किल है। मुकुल के परिवार और नरेश चंद्रोल के बीच पहले से विवाद होने की बात सामने आई है। पूर्व में भी नरेश चंद्रोल पर मुकुल के घर में घुसकर गाली-गलौज करने और परिवार के साथ अभद्रता करने के आरोप लगे थे। इस मामले में उनके विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज हुई थी, हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। वहीं वर्तमान घटनाक्रम में सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारने और मारपीट के आरोप सामने आए हैं। अब एक बार फिर विवाद सामने आने से पुराने पारिवारिक विवाद और रंजिश को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

FIR दर्ज होने के बाद नरेश चंद्रोल की मौजूदगी को लेकर चर्चा

मामले में नरेश चंद्रोल के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद से उनके सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आने की चर्चा नगर में हो रही है। हालांकि उनकी वर्तमान स्थिति या अनुपस्थिति के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस बीच सवाल उठ रहे हैं कि FIR दर्ज होने के बाद पुलिस जांच किस दिशा में आगे बढ़ेगी और आरोपों के संबंध में क्या कार्रवाई होगी।

भाजपा नगर अध्यक्ष ने ही उठा दिए सवाल—प्रशासनिक कार्रवाई में नेताओं का क्या काम?

इस पूरे घटनाक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष राकेश रजक का बयान भी चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में जिले के भाजपा पदाधिकारी के जाने का कोई औचित्य नहीं था। उन्होंने कहा कि नगर में अन्य नेता भी मौजूद थे और वे स्वयं भी जा सकते थे, लेकिन जब प्रशासनिक अमला अपनी कार्रवाई कर रहा था तो उसमें नेताओं की क्या भूमिका थी?

भाजपा नगर अध्यक्ष के इस बयान ने पार्टी के भीतर भी नई चर्चा छेड़ दी है। सवाल उठ रहा है कि जब अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी राजस्व विभाग, नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की थी, तो राजनीतिक पदाधिकारी की वहां मौजूदगी और भूमिका को लेकर विवाद क्यों खड़ा हुआ?

दोनों पक्षों पर FIR, अब पुलिस जांच पर टिकी नजर

पुलिस ने नरेश चंद्रोल की शिकायत पर मुकुल गाजरानी के खिलाफ अपराध क्रमांक 545/2026 तथा होटल संचालक घनश्याम गाजरानी की शिकायत पर नरेश चंद्रोल के खिलाफ अपराध क्रमांक 546/2026 दर्ज किया है। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296(बी), 115(2) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

अब पुलिस के सामने दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच, वायरल वीडियो का परीक्षण और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने की चुनौती है।

नैनपुर में इस घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान राजनीतिक पदाधिकारियों की भूमिका उचित थी? क्या पुराने विवाद का असर वर्तमान घटना पर भी पड़ा? और सबसे बड़ा सवाल यह कि दोनों पक्षों की FIR के बाद पुलिस जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है?

फिलहाल पूरे नगर की नजर पुलिस जांच और आगे होने वाली वैधानिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।

शेयर करें

जरूरी खबरें