बुधवार, 18 नवम्बर 2026 | IST

गोपाष्टमी पर 2100 दीप प्रज्वलित कर करपात्री जी महाराज को किया नमन : सुंदरकांड पाठ और गौपूजन के साथ गौ सम्मान का संकल्प, 4 दिसंबर को भोपाल के अटल पथ पर जुटेंगे देशभर के संत-महात्मा

Khabri Chacha

10 hours ago 15 views
सुंदरकांड पाठ और गौपूजन के साथ गौ सम्मान का संकल्प, 4 दिसंबर को भोपाल के अटल पथ पर जुटेंगे देशभर के संत-महात्मा

भोपाल। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर मंगलवार को गो सम्मान आह्वान अभियान की ओर से गौमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के संकल्प के साथ विशेष धार्मिक एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर गौपूजन, 2100 दीप प्रज्वलन और सुंदरकांड पाठ के माध्यम से वर्ष 1966 के ऐतिहासिक गौ आंदोलन में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले संत-महात्माओं एवं गौभक्तों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

कार्यक्रम में परम पूज्य धर्म सम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज सहित उन सभी संतों, गौसेवकों और गौभक्तों को याद किया गया, जिन्होंने वर्ष 1966 में गौ रक्षा के लिए आंदोलन के दौरान अपना बलिदान दिया था। उस समय हुए गोलीकांड में जान गंवाने वाली गौमाताओं को भी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 2100 दीप प्रज्वलित कर बलिदानियों की स्मृति को नमन किया गया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि गौ रक्षा के लिए 1966 में उठी आवाज और संतों का संकल्प आज भी समाज में जीवित है और निरंतर आगे बढ़ रहा है।

गोपाष्टमी के अवसर पर विधि-विधान से गौपूजन किया गया। गौपालकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गौमाता की सेवा, संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक संकल्प लिया। इसके साथ ही गो सम्मान आह्वान अभियान की सफलता और उसके उद्देश्यों की पूर्ति के लिए सुंदरकांड का पाठ आयोजित किया गया। धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने अभियान की सफलता एवं गौमाता के सम्मान की कामना की।

गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और केंद्रीय गौ मंत्रालय की मांग

गो सम्मान आह्वान अभियान का प्रमुख उद्देश्य भारत को गौहत्या के कलंक से मुक्त कराना और देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए प्रभावी कानूनी व्यवस्था की मांग करना है। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि गौमाता को केवल पशु श्रेणी तक सीमित न रखकर उन्हें संवैधानिक रूप से राष्ट्रमाता का सम्मान दिया जाना चाहिए। इसके लिए केंद्र सरकार से अलग केंद्रीय गौ मंत्रालय के गठन और गौमाता की सेवा, सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए सख्त केंद्रीय कानून बनाने की मांग की जा रही है।

अभियान के सह प्रभारी कमल किशोर उपाध्याय ने कहा कि परम पूज्य धर्म सम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज के विचार और उनकी गौ रक्षा की चेतना आज भी समाज को प्रेरित कर रही है। वर्ष 1966 के गौ आंदोलन में जिन संत-महात्माओं और गौभक्तों ने अपना बलिदान दिया, उनका संघर्ष आज भी गौ सम्मान की आवाज को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि अब देशभर के संत-महात्मा और गौभक्त इस उद्देश्य को लेकर एकजुट हो रहे हैं। केंद्र सरकार को गौहत्या पर रोक लगाने के लिए शीघ्र सख्त कानून बनाने और गौमाता को राष्ट्रमाता का संवैधानिक सम्मान देने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

4 दिसंबर को भोपाल में जुटेंगे देशभर के संत-महात्मा

कमल किशोर उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत आगामी 4 दिसंबर 2026 को गो सम्मान दिवस के अवसर पर भोपाल में एक बड़े आयोजन की तैयारी की जा रही है। इस कार्यक्रम में देशभर के संत-महात्मा, धर्माचार्य, गौसेवक और गौभक्त शामिल होंगे। आयोजन स्थल अटल पथ (माता मंदिर, टीटी नगर), भोपाल निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से आयोजित होगा।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गौमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए जनजागरण का एक प्रयास है। उन्होंने सभी सनातनियों, धर्मप्रेमियों और गौभक्तों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़ें और 4 दिसंबर को अपना एक दिन गौमाता के सम्मान के लिए समर्पित करते हुए सुबह 10 बजे अटल पथ, भोपाल अवश्य पहुंचें।

शेयर करें

जरूरी खबरें