मंडला में "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान का शुभारंभ : स्कूलों, कॉलेजों और ग्राम पंचायतों तक पहुंचेगा जनजागरूकता अभियान, अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी
Khabri Chacha
मंडला | संवाददाता
मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर मंडला जिले में "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान का शुभारंभ किया गया। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है और सामाजिक व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। जब तक समाज, परिवार, शैक्षणिक संस्थान और आम नागरिक मिलकर इस अभियान में भागीदारी नहीं करेंगे, तब तक नशामुक्त समाज का लक्ष्य हासिल करना कठिन होगा।
अभियान के तहत जिले के स्कूलों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों तथा शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रैलियां, नुक्कड़ सभाएं, शपथ ग्रहण कार्यक्रम और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा। साथ ही अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात भी कही गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ ली।