शनिवार, 28 नवम्बर 2026 | IST

गाजरानी परिवार को इंसाफ का इंतजार, नरेश चंद्रोल के निष्कासन की मांग : पुराने विवाद, नगर पालिका कार्यकाल में भ्रष्टाचार के आरोप और चुनावी हार के बाद नया विवाद; प्रदेश अध्यक्ष से की शिकायत।

Khabri Chacha

13 minutes ago 55 views
पुराने विवाद, नगर पालिका कार्यकाल में भ्रष्टाचार के आरोप और चुनावी हार के बाद नया विवाद; प्रदेश अध्यक्ष से की शिकायत।

नैनपुर। भाजपा जिला महामंत्री नरेश चंद्रोल और प्रेम होटल संचालक मुकुल गाजरानी के बीच हुआ विवाद अब पार्टी संगठन के लिए भी असहज स्थिति पैदा करता नजर आ रहा है। मुकुल के पिता एवं होटल संचालक घनश्याम गाजरानी ने अब नरेश चंद्रोल के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें भाजपा से निष्कासित करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को लिखित शिकायत भेजकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया है।

गाजरानी परिवार का कहना है कि नरेश चंद्रोल का उनके परिवार के साथ विवाद कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी जब नरेश चंद्रोल नगर पालिका अध्यक्ष थे, तब कथित तौर पर शराब के नशे में उनके घर पहुंचकर गाली-गलौज और परिवार की महिलाओं के साथ अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया था। उस समय भी इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी। परिवार के मुताबिक, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप कर उन्हें आश्वासन दिया था, जिसके बाद मामला शांत हुआ था।

पहले भी एक दिन बंद रहा था नैनपुर का बाजार

घनश्याम गाजरानी के अनुसार, पुराने विवाद के समय मामला इतना बढ़ गया था कि नैनपुर का बाजार एक दिन के लिए बंद रहा था। उस समय पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप और परिवार को दिए गए आश्वासन के बाद विवाद शांत हुआ था। लेकिन अब एक बार फिर प्रेम होटल के सामने मुकुल गाजरानी के साथ हुई मारपीट की घटना ने पुराने विवाद को फिर से चर्चा में ला दिया है।

परिवार का आरोप है कि पुराने घटनाक्रम के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकला और अब दोबारा उसी प्रकार की परिस्थितियां सामने आ रही हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष का कार्यकाल भी विवादों में रहा

नरेश चंद्रोल का राजनीतिक कार्यकाल भी स्थानीय स्तर पर चर्चाओं और विवादों से अछूता नहीं रहा। जब वे नगर पालिका अध्यक्ष थे, तब उनके कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार को लेकर भी कई आरोप लगाए गए। उनका कार्यकाल भी राजनीतिक और प्रशासनिक विवादों के बीच गुजरा। स्थानीय राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी रही कि अगले नगर पालिका चुनाव में भाजपा की हार के पीछे तत्कालीन कार्यकाल और उससे जुड़ी नाराजगी भी एक कारण रही।

अब जिला महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक पद पर रहते हुए एक बार फिर इस प्रकार का विवाद सामने आने से भाजपा संगठन के सामने असहज स्थिति पैदा हो गई है। सवाल उठ रहा है कि पार्टी नेतृत्व अपने पदाधिकारी के पुराने विवादों, राजनीतिक प्रदर्शन और वर्तमान घटनाक्रम को किस तरह देखता है।

जिला महामंत्री के पद पर रहते हुए ऐसा आचरण क्यों?

घनश्याम गाजरानी का कहना है कि किसी भी राजनीतिक दल में पद मिलने के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ती है। जिला महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक पद पर बैठे व्यक्ति से सार्वजनिक जीवन में संयम और जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। उनके मुताबिक, लगातार विवादों में नाम आने से पार्टी की छवि पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

इसी आधार पर उन्होंने भाजपा संगठन से मांग की है कि नरेश चंद्रोल के पूरे आचरण और पूर्व में हुए विवादों को संज्ञान में लेते हुए उनके खिलाफ संगठनात्मक अनुशासन के तहत कार्रवाई की जाए और उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाए।

FIR के बाद अब संगठन तक पहुंचा विवाद

गौरतलब है कि 26 नवंबर को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान प्रेम होटल के सामने मुकुल गाजरानी और नरेश चंद्रोल के बीच विवाद हुआ था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद नरेश चंद्रोल की शिकायत पर मुकुल गाजरानी के खिलाफ अपराध क्रमांक 545/2026 और घनश्याम गाजरानी की शिकायत पर नरेश चंद्रोल के खिलाफ अपराध क्रमांक 546/2026 दर्ज किया गया।

इस तरह दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस ने क्रॉस FIR दर्ज की है। अब मामले में पुलिस जांच के साथ-साथ भाजपा संगठन के स्तर पर भी कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

भाजपा के लिए नया सिरदर्द बने नरेश चंद्रोल?

नैनपुर में यह मामला अब केवल दो पक्षों के बीच कानूनी विवाद नहीं रह गया है। एक तरफ पुलिस में दोनों पक्षों की FIR दर्ज है, तो दूसरी तरफ पीड़ित परिवार ने भाजपा के शीर्ष संगठन तक शिकायत पहुंचाकर जिला महामंत्री को पार्टी से बाहर करने की मांग कर दी है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस विवाद को पहले भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के आश्वासन के बाद शांत कराया गया था, वही मामला दोबारा क्यों सामने आया? नगर पालिका अध्यक्ष के कार्यकाल से जुड़े आरोप, चुनाव में भाजपा की हार को लेकर उठती चर्चाएं और अब जिला महामंत्री रहते हुए नया विवाद—क्या इन तमाम परिस्थितियों पर भाजपा संगठन गंभीरता से विचार करेगा?

फिलहाल घनश्याम गाजरानी की शिकायत के बाद भाजपा संगठन की प्रतिक्रिया और आगे होने वाली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

46
पेज 1 / 8