शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026 | IST

शराब माफिया पर नैनपुर पुलिस का बड़ा प्रहार, 459 लीटर शराब जब्त : एसपी राजेश रघुवंशी के मार्गदर्शन आधी रात पुलिस का शिकंजा, टीआई ओमप्रकाश रावत की टीम ने दो आरोपियों को दबोचा,दो वाहन जब्त

Khabri Chacha

14 hours ago 151 views
एसपी राजेश रघुवंशी के मार्गदर्शन आधी रात पुलिस का शिकंजा, टीआई ओमप्रकाश रावत की टीम ने दो आरोपियों को दबोचा,दो वाहन जब्त

नैनपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ नैनपुर पुलिस ने आधी रात ऐसा शिकंजा कसा कि शराब के कथित कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। थावर चौराहे पर रात करीब 2 बजे चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो वाहनों को रोककर तलाशी ली। कार्रवाई में 459 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ एक काले रंग की हाइराइडर कार और एक बोलेरो वाहन भी जब्त किया है।

एसपी राजेश रघुवंशी के नेतृत्व में अवैध कारोबारियों पर सख्त वार

पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी के नेतृत्व में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला जारी है। नैनपुर की इस कार्रवाई ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि अवैध शराब के परिवहन और कारोबार में शामिल लोगों के लिए पुलिस की नजरों से बचना आसान नहीं है। देर रात चलाए गए चेकिंग अभियान में पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी के चलते बड़ी खेप पकड़ में आई।

टीआई ओमप्रकाश रावत की टीम ने आधी रात बिछाया शिकंजा

थाना प्रभारी ओमप्रकाश रावत के निर्देशन में पुलिस टीम ने थावर चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान यह कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि एक वाहन आगे चल रहा था, जबकि दूसरे वाहन में शराब की खेप रखी हुई थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर जांच की तो बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। जब्त शराब में 42 पेटी एमडी रम और 9 पेटी गोवा शराब शामिल बताई गई है।

शराब दुकान के पार्टनर का नाम आने से मामला हुआ गंभीर

इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों में राजेश बर्वे का नाम सामने आया है, जिन्हें अंग्रेजी शराब दुकान का पार्टनर बताया जा रहा है। ऐसे में मामला केवल अवैध परिवहन तक सीमित नहीं रह जाता, बल्कि शराब की खेप के स्रोत, उसके दस्तावेजों और संबंधित दुकान की भूमिका की निष्पक्ष जांच भी बेहद जरूरी हो जाती है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम तथ्य पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।

सिवनी से मंडला तक शराब की सप्लाई का क्या है पूरा खेल?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शराब सिवनी जिले की ओर से लाई जा रही थी। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि शराब किस दुकान से निकली, किस बैच और बेच नंबर की थी और इसे मंडला जिले में कहां खपाने की तैयारी थी? क्या यह केवल एक खेप थी या इसके पीछे दूसरे जिलों से शराब लाकर खपाने वाला कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है? पुलिस जांच में इन सवालों के जवाब सामने आना बेहद महत्वपूर्ण होगा।

अब केवल गिरफ्तारी नहीं, पूरे नेटवर्क तक पहुंचना होगी असली चुनौती

459 लीटर शराब की बरामदगी के बाद जांच का दायरा बढ़ना स्वाभाविक है। शराब के स्रोत, परिवहन के दस्तावेज, संबंधित दुकानों की भूमिका और संभावित भंडारण स्थलों की जांच होनी चाहिए। यदि किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका सामने आती है तो उसके प्रत्येक जिम्मेदार व्यक्ति तक कार्रवाई पहुंचनी चाहिए।

एसपी राजेश रघुवंशी के नेतृत्व और थाना प्रभारी ओमप्रकाश रावत की टीम की इस कार्रवाई की सराहना हो रही है। आधी रात की इस कार्रवाई ने अवैध शराब के कारोबारियों को कड़ा संदेश दिया है। अब शहरवासियों की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर हैं। सवाल साफ है—459 लीटर शराब तो पकड़ में आ गई, लेकिन इसके पीछे का पूरा नेटवर्क कब बेनकाब होगा?

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

47
पेज 4 / 8