शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 | IST

नैनपुर में गांजा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार : 1 किलो 89 ग्राम गांजा और स्कूटी जब्त, एसपी राजेश रघुवंशी के निर्देश पर नैनपुर पुलिस की कार्रवाई

Khabri Chacha

2 hours ago 409 views
1 किलो 89 ग्राम गांजा और स्कूटी जब्त, एसपी राजेश रघुवंशी के निर्देश पर नैनपुर पुलिस की कार्रवाई

नैनपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए मंडला पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन में नैनपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 89 ग्राम गांजा एवं तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नैनपुर के वार्ड क्रमांक 10 स्थित शांतिनगर क्षेत्र में एक महिला एवं पुरुष स्कूटी से गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों को स्कूटी सहित रोका और विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत तलाशी ली। इस दौरान स्कूटी की डिक्की में रखे थैले से गांजा बरामद हुआ।

इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर गांजे का वजन 1 किलो 89 ग्राम पाया गया। पुलिस ने 10 हजार रुपये कीमत का गांजा और घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक MP 51 ZA 0979, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये है, जब्त की है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहित यादव (28 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 15, नैनपुर एवं बबली बेगम (46 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 10, शांतिनगर, नैनपुर के रूप में की है। दोनों के विरुद्ध थाना नैनपुर में अपराध क्रमांक 499/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। मंडला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी नजदीकी थाने अथवा डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

38
पेज 3 / 7