बुधवार, 19 अगस्त 2026 | IST

नैनपुर में गौशाला को लेकर आमने-सामने जनता और नगर पालिका,रोजाना मौतों से आक्रोश : मुक्तिधाम में वीडियो में राख खाते दिखी गौमाता, उसी परिसर में मृत गौवंश दफनाने से व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

Khabri Chacha

2 hours ago 49 views
मुक्तिधाम में वीडियो में राख खाते दिखी गौमाता, उसी परिसर में मृत गौवंश दफनाने से व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

नैनपुर। नगर पालिका की मुक्तिधाम स्थित गौशाला को लेकर अब शहर में जनता और नगर पालिका आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं। लगातार गौवंश की मौतों, गौशाला की अव्यवस्थाओं और मुक्तिधाम परिसर के उपयोग को लेकर नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।

मामले में सबसे गंभीर घटना तब सामने आई जब मुक्तिधाम परिसर में एक गौमाता को अंतिम संस्कार के बाद बची चिता की राख खाते हुए देखा गया। इस घटना का वीडियो भी उपलब्ध है। वीडियो में गौमाता को चिता की राख खाते हुए देखा जा सकता है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार राख में मानव अस्थियां भी थीं। घटना ने गौवंश की सुरक्षा के साथ-साथ मुक्तिधाम की व्यवस्था और लोगों की धार्मिक भावनाओं को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इसके बाद अब गौशाला में एक और गाय की मौत के बाद उसी मुक्तिधाम परिसर में उसे दफनाए जाने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब मृत पशुओं के निस्तारण के लिए उचित एवं पृथक व्यवस्था होनी चाहिए, तो मानव अंतिम संस्कार के लिए उपयोग होने वाले मुक्तिधाम में ही मृत गौवंश को क्यों दफनाया जा रहा है। लोगों के अनुसार पूर्व में भी इसी परिसर में मृत गौवंश को दफनाए जाने की जानकारी सामने आई है।

लगातार मौतों के बीच व्यवस्था पर सवाल

गौशाला में लगातार हो रही मौतों को लेकर स्थानीय स्तर पर लगभग 35 से 45 गौवंश की मृत्यु होने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि नगर पालिका की ओर से मृत गौवंश की आधिकारिक संख्या स्पष्ट नहीं की गई है। ऐसे में नागरिक अब मृत्यु रजिस्टर, पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पशु चिकित्सा रिकॉर्ड की जांच की मांग कर रहे हैं।

गौशाला में बीमार एवं कमजोर गौवंश, कुपोषित बछड़ों तथा कुछ पशुओं के शरीर पर कीड़े लगने जैसी स्थिति भी सामने आई है। नागरिकों का सवाल है कि यदि गौशाला में पर्याप्त भोजन, पानी, चिकित्सा और देखभाल की व्यवस्था है तो लगातार गौवंश की मौतें क्यों हो रही हैं।

SDM के निरीक्षण के बाद भी गौशाला हटाने पर स्थिति स्पष्ट नहीं

मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर शिकायतों के बाद एसडीएम/एसडीओ राजस्व द्वारा मुक्तिधाम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गौवंश को चिता के पास जाने से रोकने तथा लोगों के बैठने की जगह को खाली कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही नगर पालिका द्वारा वैकल्पिक जमीन की मांग किए जाने पर प्रशासन की ओर से जमीन उपलब्ध कराने की बात कही गई।

हालांकि निरीक्षण के बाद अभी तक मुक्तिधाम से गौशाला को हटाने की कोई स्पष्ट समय-सीमा सामने नहीं आई है। नागरिकों का कहना है कि केवल अस्थायी व्यवस्था से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। गौवंश को सुरक्षित वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से शुरू की जानी चाहिए।

सड़कों पर भी घूम रहा गौवंश

गौशाला के बावजूद नैनपुर शहर की सड़कों और नैनपुर–निवारी मार्ग पर गौवंश के घूमने की समस्या बनी हुई है। इससे वाहन चालकों और आम नागरिकों के साथ-साथ स्वयं गौवंश की सुरक्षा भी खतरे में है। पूर्व में सड़क दुर्घटनाओं में गौवंश के घायल एवं मृत होने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं।

नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका को समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए। केवल गौवंश को शहर से बाहर छोड़ने के बजाय उनके लिए सुरक्षित आश्रय, पर्याप्त चारा-पानी और पशु चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

अब जनता चाहती है जवाब और स्थायी समाधान

मामला अब केवल गौशाला के संचालन तक सीमित नहीं रह गया है। एक तरफ नागरिक गौवंश की सुरक्षा और मुक्तिधाम की गरिमा की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नगर पालिका के सामने वर्तमान व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं।

लोगों की मांग है कि गौशाला की पूरी व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए, मृत गौवंश की वास्तविक संख्या सामने लाई जाए, प्रत्येक मृत्यु के कारण की पशु चिकित्सकीय जांच हो तथा वर्तमान गौवंश के लिए पर्याप्त भोजन, पानी, उपचार और सुरक्षित आश्रय सुनिश्चित किया जाए।

लगातार सामने आ रही मौतों और घटनाओं के बीच अब शहर की नजर इस बात पर है कि नगर पालिका और प्रशासन इस मामले में केवल अस्थायी व्यवस्था करते हैं या गौशाला को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर समस्या का स्थायी समाधान भी निकालते हैं।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

22
पेज 1 / 4