बुधवार, 9 सितम्बर 2026 | IST

नैनपुर पुलिस का अवैध शराब पर कड़ा प्रहार, 1000 लीटर महुआ लाहन किया नष्ट : जामगांव-भीमकुंड क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने शराब की भट्टियां कीं ध्वस्त, निर्माण सामग्री और उपकरण भी मौके पर किए नष्ट

Khabri Chacha

3 hours ago 130 views
जामगांव-भीमकुंड क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने शराब की भट्टियां कीं ध्वस्त, निर्माण सामग्री और उपकरण भी मौके पर किए नष्ट

नैनपुर। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में थाना नैनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम जामगांव-भीमकुंड क्षेत्र में संचालित अवैध कच्ची शराब निर्माण के ठिकानों पर दबिश दी और लगभग 1000 लीटर महुआ लाहन नष्ट कर दिया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में योजनाबद्ध तरीके से अमल में लाई गई। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जामगांव और भीमकुंड क्षेत्र के जंगलों व जल स्रोतों के आसपास घेराबंदी की, जहां अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने की भट्टियां धधक रही थीं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में छिपाकर रखा गया करीब 1000 लीटर महुआ लाहन जब्त किया, जिसे विधिवत नष्ट कराया गया। इसके अतिरिक्त शराब तैयार करने के काम आने वाली सामग्री, बर्तन और उपकरणों को भी मौके पर ही पूरी तरह विनष्ट कर दिया गया, जिससे शराब माफिया को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।

इस प्रभावी अभियान में थाना प्रभारी नैनपुर सहित उनकी पूरी पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध कच्ची शराब न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

26
पेज 4 / 5