शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 | IST

मार्केट 11 नैनपुर के आयोजन में राजनांदगांव और जगदलपुर के बीच फाइनल : फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला कल, सेमीफाइनल में राजनांदगांव ने नागपुर को हराया, जगदलपुर ने डोंगरगढ़ को दी शिकस्त।

Khabri Chacha

2 hours ago 48 views
फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला कल, सेमीफाइनल में राजनांदगांव ने नागपुर को  हराया, जगदलपुर ने डोंगरगढ़ को दी शिकस्त।

नैनपुर। मार्केट 11 नैनपुर के तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया ओपन फुटबॉल टूर्नामेंट का नौवां संस्करण अब अपने रोमांचक पड़ाव पर पहुंच गया है। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रेंड्स ब्रदर्स राजनांदगांव और जगदलपुर की टीमों ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

सेमीफाइनल का पहला मुकाबला फ्रेंड्स ब्रदर्स राजनांदगांव और एकता क्लब नागपुर के बीच खेला गया। मुकाबले में राजनांदगांव की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और बेहतरीन तालमेल एवं शानदार प्रदर्शन के दम पर 5-0 से एकतरफा जीत दर्ज करते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया।

वहीं दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला एनएफसी डोंगरगढ़ और जगदलपुर के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन जगदलपुर की टीम ने निर्णायक गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और फाइनल में प्रवेश किया।

खिलाड़ियों की सुविधा का विशेष ध्यान

इस टूर्नामेंट की खास बात यह है कि आयोजन समिति द्वारा दूसरे राज्यों और शहरों से आने वाली टीमों के खिलाड़ियों के भोजन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था की जाती है। इसके साथ ही खिलाड़ियों को एक तरफ का यात्रा किराया भी समिति द्वारा उपलब्ध कराया जाता है। लगातार नौ वर्षों से आयोजित हो रहा यह टूर्नामेंट नैनपुर में फुटबॉल खेल को नई पहचान देने के साथ ही देश के विभिन्न क्षेत्रों की टीमों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान कर रहा है।

आयोजन को सफल बनाने में मार्केट 11 के सदस्यों के साथ नगर के खेलप्रेमियों, नागरिकों एवं सहयोगकर्ताओं का विशेष योगदान मिल रहा है। समिति के सदस्यों द्वारा पूरे वर्ष की मेहनत और समर्पण से इस आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जाता है।

कल होगा खिताबी महामुकाबला

अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं। कल JRC ग्राउंड नैनपुर में फ्रेंड्स ब्रदर्स राजनांदगांव और जगदलपुर की टीमें नौवें संस्करण की ट्रॉफी के लिए आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के प्रदर्शन को देखते हुए फाइनल मुकाबले में भी जबरदस्त रोमांच और कड़े संघर्ष की उम्मीद है। फुटबॉल प्रेमियों को अब इंतजार है उस पल का, जब इस वर्ष की चैंपियन टीम के नाम का ऐलान होगा।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

38
पेज 4 / 7