रविवार, 20 सितम्बर 2026 | IST

नैनपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन, प्रेमी जोड़े को करंट लगाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार : बेरहमी से मारपीट के बाद बिजली के तार से बांधकर करंट लगाया, मरा समझकर खेत में फेंका; युवक की नागपुर में मौत

Khabri Chacha

4 hours ago 157 views
बेरहमी से मारपीट के बाद बिजली के तार से बांधकर करंट लगाया, मरा समझकर खेत में फेंका; युवक की नागपुर में मौत

नैनपुर। प्रेमी जोड़े पर जानलेवा हमला कर युवक को विद्युत करंट लगाने और उपचार के दौरान उसकी मौत होने के गंभीर मामले में नैनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने दोनों को बेरहमी से मारपीट करने के बाद जान से मारने की नीयत से बिजली के तार से बांधकर करंट लगाया और दोनों को मरा हुआ समझकर घटनास्थल से दूसरी जगह खेत में फेंक दिया था। गंभीर रूप से घायल युवक अभिषेक की नागपुर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में थाना नैनपुर एवं चौकी पिंडरई पुलिस ने मर्ग जांच के बाद मामले का खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 19 सितंबर 2026 को थाना नैनपुर में पूर्व दर्ज मर्ग क्रमांक 78/2026 की धारा 194 बीएनएसएस की जांच के आधार पर अपराध क्रमांक 444/2026 दर्ज किया गया। मामले में धारा 103(1), 109(1), 115(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान पीड़िता बिन्दो बाई कुलस्ते, पिता सुनालाल कुलस्ते, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम खिरसारू, चौकी पिंडरई, थाना नैनपुर, जिला मंडला के कथनों एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर घटना की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक पीड़िता और उसका साथी अभिषेक, पिता रज्जन सिंह धुर्वे, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम टाला, पोस्ट उगली, केवलारी, जिला सिवनी, आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी बात को लेकर आरोपियों ने मोहल्ले की लड़की से बातचीत करने पर आपत्ति जताई और दोनों के साथ बर्बरता पूर्वक मारपीट की।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की नीयत से विद्युत तार से बांधकर करंट लगाया। इसके बाद दोनों को मरा हुआ समझकर घटनास्थल से दूसरी जगह खेत में फेंक दिया। घटना में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसे उपचार के लिए नागपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान अभिषेक की मृत्यु हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद अपराध में संलिप्त तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का गेड़ा और विद्युत तार जब्त

पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त लकड़ी का गेड़ा एवं विद्युत तार जब्त किया है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चमरालाल उर्फ भूरा मरावी, उम्र 56 वर्ष, निवासी खिरसारू; लालसिंह उर्फ नरबद मरावी, उम्र 27 वर्ष, निवासी खिरसारू; तथा सुशील कुमार उर्फ शुक्लू मरावी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम खिरसारू के रूप में हुई है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

मामले के खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में निरीक्षक मंशाराम वगेन, थाना प्रभारी नैनपुर, निरीक्षक अंशुल गुप्ता, चौकी प्रभारी पिंडरई, उप निरीक्षक राजकुमार हिरकने, मनोरंजन नगपुरे, उप निरीक्षक खुशबू बिसेन, प्रधान आरक्षक अवधेश पासी, सलगूराम घावड़े, आरक्षक त्रिलोक, महिला आरक्षक रागिनी भलावी, संगीता तेकाम, चालक आरक्षक महेन्द्र परते, आशीष एवं एसएसयू बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

शेयर करें

जरूरी खबरें