स्वास्थ्य सेवाओं में नैनपुर का परचम, कायाकल्प अवार्ड में प्रदेशभर में नंबर-1 बना : बीएमओ डॉ. राजीव चावला के नेतृत्व में 95.23% अंक के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान, बढ़ाया नैनपुर का गौरव
Khabri Chacha
मंडला। स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण उपचार और उत्कृष्ट स्वास्थ्य प्रबंधन के दम पर मंडला जिले के सिविल अस्पताल नैनपुर ने प्रदेशभर में अपनी अलग पहचान बना ली है। मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए घोषित कायाकल्प अवार्ड में अस्पताल ने 95.23 प्रतिशत अंक अर्जित कर अपनी श्रेणी में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल नैनपुर बल्कि पूरे मंडला जिले के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।

अस्पताल की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे बीएमओ डॉ. राजीव चावला के नेतृत्व में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मचारियों एवं समस्त स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों को प्रमुख कारण माना जा रहा है। अस्पताल में स्वच्छ वातावरण, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, बेहतर उपचार व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार ने नैनपुर अस्पताल को प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ अस्पताल बना दिया।

कायाकल्प योजना के अंतर्गत सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों का मूल्यांकन स्वच्छता, मरीजों की सुविधाओं, उपचार व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, रिकॉर्ड प्रबंधन, गुणवत्ता मानकों के पालन तथा अस्पताल के समग्र संचालन के आधार पर किया जाता है। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नैनपुर सिविल अस्पताल ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।
मंडला जिले के लिए यह उपलब्धि और भी खास रही क्योंकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समनापुर ने भी अपनी श्रेणी में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं जिला अस्पताल मंडला, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी, बम्हनी, मवई और नारायणगंज, तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अंजनी और मोचा सहित जिले की 10 स्वास्थ्य संस्थाओं को कमेंडेशन अवार्ड से सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त घुघरी विकासखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर गरैया एवं बनहेरी को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। वर्तमान में जिले के 54 आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 4 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 4 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहले से ही राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप प्रमाणित हैं।
नैनपुर सिविल अस्पताल की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में भी बेहतर प्रबंधन, समर्पित टीमवर्क और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के माध्यम से उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर नैनपुर ने न केवल मंडला जिले का मान बढ़ाया है, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान भी स्थापित किया है।