मंगलवार, 21 जुलाई 2026 | IST

ग्रीन सिटी कॉलोनी के रहवासी बिल्डर से परेशान, एसडीएम से लगाई गुहार : सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट नहीं बनने से बढ़ी परेशानी, बारिश में जलभराव व अंधेरे से हादसे का खतरा

Khabri Chacha

2 hours ago 30 views
सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट नहीं बनने से बढ़ी परेशानी, बारिश में जलभराव व अंधेरे से हादसे का खतरा

नैनपुर। नगर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित ग्रीन सिटी कॉलोनी के रहवासियों ने कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान होकर मंगलवार को अनुविभागीय राजस्व अधिकारी (एसडीएम) को आवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में कॉलोनी के विकास कार्य अधूरे छोड़ने का आरोप लगाते हुए बिल्डर की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी में आज तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। बारिश के दौरान जगह-जगह जलभराव हो जाता है, जिससे सड़कें कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं। लोगों को पैदल चलने और दोपहिया व चारपहिया वाहन निकालने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से रात के समय पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है। इससे दुर्घटना और असामाजिक गतिविधियों का खतरा बना रहता है तथा महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी होती है।

रहवासियों ने आरोप लगाया कि नालियों का निर्माण अधूरा होने के कारण बारिश का गंदा पानी जमा हो जाता है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है।

कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बिल्डर को तत्काल आवश्यक विकास कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए जाएं तथा सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं। आवेदन पर कॉलोनी के अनेक रहवासियों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में प्लॉट बेचने के समय सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन लंबे समय बाद भी विकास कार्य पूरे नहीं होने से उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब रहवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन इस मामले में हस्तक्षेप कर बिल्डर के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करेगा।

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

7
पेज 1 / 2