जनविश्वास कार्यक्रम में महिला की फरियाद पर एसपी ने दिए जाँच के आदेश : उमंग हॉल में महिला की बात संवेदनशीलता से सुनी, अर्जुन नरवरे और शिवचरण नरवरे से जुड़े मामले में निष्पक्ष जाँच का भरोसा
Khabri Chacha
मंडला। मुख्यमंत्री जनविश्वास कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को रेलवे के मंगल भवन स्थित उमंग हॉल में आयोजित कार्यक्रम में नैनपुर निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी को अपना आवेदन सौंपकर अपने मामले में न्याय की मांग की।
वार्ड क्रमांक 14, नैनपुर निवासी महिला ने पुलिस अधीक्षक को अपने साथ हुई घटना और उससे जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी दी। आवेदन में उन्होंने अर्जुन नरवरे एवं शिवचरण नरवरे के संबंध में गंभीर आरोपों का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष जाँच कराने का अनुरोध किया।
महिला ने बताया कि दिनांक 19 दिसंबर 2025 की घटना को लेकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपना पक्ष रखा। उन्होंने अपने आवेदन में मारपीट, कपड़े फाड़े जाने, निजी अंगों में लात मारे जाने, कीमाच डालने तथा घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने सहित विभिन्न बिंदुओं की जाँच की मांग की है। उन्होंने घर की तरफ, शौचालय की दिशा में कैमरा लगाए जाने की बात भी आवेदन में रखी है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने महिला की बात को गंभीरता, धैर्य और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने पूरे मामले को ध्यानपूर्वक समझा और आवेदन में बताए गए बिंदुओं पर आवश्यक जाँच कराने का आश्वासन दिया।
एसपी राजेश रघुवंशी ने कहा कि मामले के सभी तथ्यों की निष्पक्षता से जाँच कराई जाएगी और जाँच के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शिकायतकर्ता महिला को भरोसा दिलाया कि उसकी बात को गंभीरता से लिया गया है और प्रकरण में उचित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई होगी।
महिला ने बताया कि पुलिस अधीक्षक द्वारा उनकी बात जिस संवेदनशीलता से सुनी गई, उससे उन्हें न्याय की उम्मीद जगी है। उन्होंने एसपी राजेश रघुवंशी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि जाँच के बाद मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और उन्हें न्याय मिलेगा।
मुख्यमंत्री जनविश्वास कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण की दिशा में कार्रवाई का भरोसा दिया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी राजेश रघुवंशी द्वारा महिला का आवेदन लेकर जाँच के आदेश दिए जाना पीड़ित पक्ष के लिए राहत की बात मानी जा रही है।