मंगलवार, 28 जुलाई 2026 | IST

6 साल से आवास का इंतजार, 448 भूमिहीन परिवारों का फूटा गुस्सा : कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, दो माह की चेतावनी; पार्षदों व समाजसेवियों ने कहा- अब हक दिलाकर ही रहेंगे

Khabri Chacha

2 hours ago 48 views
कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, दो माह की चेतावनी; पार्षदों व समाजसेवियों ने कहा- अब हक दिलाकर ही रहेंगे

नैनपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पिछले लगभग छह वर्षों से आवास के इंतजार में बैठे 448 भूमिहीन हितग्राहियों का सब्र आखिरकार टूट गया। मंगलवार को बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने कलेक्टर मंडला के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नैनपुर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि दो माह के भीतर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ नहीं मिला तो नगर पालिका की कार्यप्रणाली के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

ज्ञापन में बताया गया है कि वर्ष 2019-20 में मध्यप्रदेश शासन द्वारा नगर पालिका परिषद नैनपुर के भूमिहीन हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने के उद्देश्य से ग्राम इटका, हल्का उमरिया, तहसील नैनपुर स्थित खसरा क्रमांक-43, रकबा 4.0140 हेक्टेयर भूमि आवंटित एवं सुरक्षित की गई थी। इसके बावजूद आज तक लगभग 448 पात्र भूमिहीन परिवारों को योजना का लाभ नहीं मिल सका है।

हितग्राहियों का आरोप है कि वे पिछले छह वर्षों से लगातार नगर पालिका के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन न तो उन्हें संतोषजनक जवाब मिला और न ही आवास आवंटन की दिशा में कोई ठोस पहल हुई। जबकि जिले के अन्य क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल चुका है। ऐसे में नैनपुर के भूमिहीन परिवारों को अब भी वंचित रखा जाना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का विषय बताया गया है।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह पता लगाया जाए कि शासन द्वारा भूमि उपलब्ध कराने के बाद भी योजना का लाभ अब तक क्यों नहीं दिया गया। साथ ही, यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर पालिका नैनपुर के वार्ड क्रमांक-5 के पार्षद नितिन ठाकुर, वार्ड क्रमांक-13 के पार्षद मोहित झरिया तथा समाजसेवी राजू विश्वकर्मा भी हितग्राहियों के साथ मौजूद रहे। तीनों ने प्रशासन से पात्र भूमिहीन परिवारों को शीघ्र प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग करते हुए कहा कि गरीब परिवारों को वर्षों तक इंतजार कराना न्यायसंगत नहीं है।

ज्ञापन पर बड़ी संख्या में भूमिहीन हितग्राहियों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि सैकड़ों प्रभावित परिवारों की सामूहिक मांग है।

ज्ञापन में प्रशासन को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा गया है कि यदि दो माह के भीतर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ नहीं दिया गया तो नैनपुर थाना के सामने नगर पालिका की कार्यप्रणाली के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

अब निगाहें जिला प्रशासन पर हैं कि वर्षों से लंबित इस मामले में कब तक ठोस निर्णय लेकर भूमिहीन परिवारों को उनके अधिकार का लाभ दिलाया जाता है।

वीडियो

शेयर करें

जरूरी खबरें

संबंधित खबरें

14
पेज 1 / 3