मेयर, स्टैंडिंग कमेटी सदस्य व नगर आयुक्त ने शहर के विभिन्न छठ घाटों की तैयारियों का किया निरीक्षण, दिए कई जरूरी दिशा निर्देश
गया। सूर्य उपासना का महापर्व चैती छठ महापर्व को लेकर नगर निगम ने शहर के 19 छठ घाटों पर विशेष इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम के मेयर डॉ. विरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य डॉ. अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, नगर आयुक्त कुमार अनुराग ने छठ घाटों की तैयारियों का जायजा लिया। सर्वप्रथम उन्होंने केंदुई घाट का निरीक्षण कर घाटों पर छठ व्रतियों के लिए विशेष सुविधा व साफ-सफाई का निर्देश दिया। इसके अलावा सूर्यकुंड तालाब, पिताहमहेश्वर घाट सहित विभिन्न घाटों की व्यवस्था का जायजा लिया।
मेयर ने आलाधिकारियों को छठ व्रतियों को किसी प्रकार से असुविधा न हो, इसका विशेष ख्याल रखने का निर्देश दिया है।
मेयर गणेश पासवान ने कहा कि चैती महापर्व को लेकर नगर निगम द्वारा 19 छठ घाटों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। जहां पानी नहीं है, वहां जेसीबी से कुंड तैयार किए गए हैं। 41 चेंजिंग रूम, 13 वाच टावर, 10 कंट्रोल रूम बने है। प्रकाश व्यवस्था, जलापूर्ति, कारपेट सहित कई व्यवस्था घाटों पर की गई है।
वहीं निगम के स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि छठ महापर्व को लेकर कई घाटों का निरीक्षण किया गया है, जिसमें केंदुई घाट, पितामहेश्वर घाट, झारखंडे घाट, महादेव घाट, राय बिंदेश्वरी घाट सहित अन्य कई घाट शामिल है. उन्होंने कहा कि गर्मी होने के कारण नदी का जलस्तर काफी नीचे चला गया है, ऐसी स्थिति में जेसीबी के माध्यम से घाट बनाने का कार्य किया गया है. साथ ही छठ व्रतियों को कहीं कोई परेशानी ना हो, इसके लिए बेहतर साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा चेंजिंग रूम भी बनाए गए हैं.
उन्होंने कहा कि जहां-जहां नाले का पानी बह रहा है, वहां अस्थाई पुल बनाया गया है ताकि छठ व्रतियों को आने-जाने में कोई परेशानी ना हो. हर तरह की सुविधा देने का प्रयास नगर निगम के द्वारा किया जा रहा है. इसे लेकर तमाम निगम के अधिकारी व कर्मचारी लगे हुए हैं
वहीं नगर आयुक्त कुमार अनुराग ने कहा कि चैती महापर्व को लेकर नगर निगम के द्वारा शहर के प्रमुख 19 घाटों पर तैयारी की गई है। साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, सहित अन्य इंतजाम किए गए है। घाटों पर पर्याप्त जल मिले, इसके लिए कुंड बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार से परेशानी नहीं होगी, इसका विशेष ख्याल रखा गया है। मौके पर पार्षद प्रतिनिधि साकेत सिंह भगत, उप नगर आयुक्त श्याम नंदन प्रसाद, स्वच्छता पदाधिकारी मोनू कुमार, सफाई निरीक्षक चन्द्र मोहन कुमार, सिटी मैनेजर सहित अन्य मौजूद थे।