भारी मात्रा में अल्पसंख्यक ग्रहण करेंगे भाजपा की सदस्यता – सतीश
औरंगाबाद। भारतीय जनता पार्टी के द्वारा सदस्यता अभियान को ले कर जिला अतिथि गृह में गुरुवार को एक प्रेसवार्ता किया गया। जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने किया। प्रेसवार्ता में मुख्य अतिथि विधान परिषद सह दक्षिण बिहार के संयोजक अनिल शर्मा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए सदस्यता अभियान से संबंधित अभियान से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुटी है। अभी बिहार में 1 करोड़ नये सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। बिहार में फिलहाल बीजेपी के 80 लाख सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास जाति धर्म एवं संप्रदाय से ऊपर उठकर काम करना है। ऐसी स्थिति में हम सभी के घर जायेंगे और सदस्य बनाएंगे।
पार्टी में यादवों एवं अल्पसंख्यकों की कम उपस्थिति वाले सवाल पर उन्होंने कहा कि इस दिशा में भी पार्टी के कार्यकर्ता लगे हुए हैं और अल्पसंख्यकों को जोड़ने के लिए अल्पसंख्यक सेल काम कर रही है और अप्रत्याशित मामले सामने आएंगे।
औरंगाबाद और काराकाट लोकसभा क्षेत्र में कुशवाहा जाति का समर्थन नहीं मिलने राजद और माले के कुशवाहा जाति के उम्मीदवार की जीत और काराकाट में बीजेपी के कुशवाहा एवं औरंगाबाद लोकसभा उम्मीदवार की हार पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी और कहा कि इस बार बीजेपी को कुशवाहा जाति का भी समर्थन प्राप्त हुआ है।
इधर प्रेसवार्ता में मौजूद भाजपा सदस्यता अभियान प्रभारी सतीश सिंह ने कहा कि भाजपा के द्वारा सदस्यता अभियान की शुरुआत होते ही कई अल्पसंख्यक समाज के लोगो ने भाजपा के साथ जुड़कर काम करने की इच्छा जताई है और आने वाले दिनों में इसके अच्छे परिणाम दिखेंगे। संभावना है कि बिहार का पहला ऐसा जिला होगा जहां से रिकॉर्ड संख्या में अल्पसंख्यक समाज भाजपा के साथ जुड़ेंगे।
कुशवाहा और यादव समाज की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस समाज के कुछ ही लोग दिग्भ्रमित स्थिति में आकर इंडिया गठबंधन के कोरे वादों के जाल में फंस गए थे। लेकिन अब उनका मोहभंग हो चुका है और विधानसभा चुनाव से पूर्व दमदार स्थिति में ये लोग भाजपा के समर्थन में आगे आएंगे। क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां उन्हे पसंद आ रही है।
उन्होंने बताया कि सभी समुदाय के लोग इस बात को मान गए है कि बीजेपी परिवारवाद को बढ़ावा नही देती, यहां लोकतंत्र की सार्थकता परिलक्षित होती है। बीजेपी के सदस्य हो या सामान्य कार्यकर्ता वे देशहित और समाजहित का कार्य करते है। उन्होंने बताया कि सिर्फ औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र से 85 हजार सदस्य जोड़ने का लक्ष्य है। सदस्यता अभियान के दौरान गुरुवार को एक हजार से अधिक सदस्यों ने बीजेपी की सदस्यता स्वीकार की है।
इस मौके पर विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह, पूर्व विधान पार्षद राजन कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष सह सदस्यता प्रभारी दीनानाथ विश्वकर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष उदय गुप्ता, सिद्धनाथ मिश्रा, दीपक उपाध्याय, प्रदेश कार्य समिति सदस्य अशोक कुमार सिंह, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष अनीता सिंह, विनोद चंद्रवंशी, पिंटू गुप्ता, अभिषेक सिंह बसु, राहुल कुमार सिंह, विकास काली, विकास सिंह, मंडल अध्यक्ष पिंटू कुमार सिंह, कुमार आशुतोष उर्फ मोनू, टिंकू टाइगर, सतीश कुमार मोनू सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।