मृतक मनोरंजन शर्मा का फाइल फोटो
औरंगाबाद। दाउदनगर थाना क्षेत्र के शमशेर नगर में बाप और बेटे को शुक्रवार की सुबह गोली मार दी गई। जिससे बेटे की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। लेकिन इस मामले में आरोपी बने जदयू के प्रदेश सचिव नन्हकू पांडेय को पुलिस ने घटना के 8 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी देते हुए एसपी स्वप्ना जी मेश्राम ने बताया कि शुक्रवार की सुबह पोखरा विवाद को लेकर मनोरंजन शर्मा व उनके पिता उपेंद्र शर्मा को गोली मारी गई इस घटना में मनोरंजन शर्मा की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि उपेंद्र शर्मा की स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल कर दिया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है।
एसपी ने बताया कि इस मामले में सहित पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। दर्ज फर्द बयान के बाद घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ दाउदनगर कुमार ऋषि राज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी नन्हकू पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी ने बताया कि मामले में अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार नन्हकू पडे गांव के एक सरकारी पोखरे को भरवा रहे थे। जिसका विरोध मनोरंजन शर्मा एवं उसके पिता उपेंद्र शर्मा ने किया। दोनो पक्षों की तरफ से विवाद बढ़ा और नन्हकू पांडेय की तरफ से गोली चल गई।घायल उपेंद्र शर्मा पटना में जीवन मौत से जूझ रहे हैं।