औरंगाबाद।ओबरा थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के एक आरोपी को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के अंदर रोहतास से गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार के अपराह्न समाहरणालय स्थित एसडीपीओ कार्यालय में प्रेसवार्ता कर मुख्यालय डीएसपी 1 नभ वैभव ने इसकी जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि 18-19 फरवरी की रात ओबरा थानाध्यक्ष अजय कुमार को थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म होने की जानकारी प्राप्त हुई। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष दल बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की तहकीकात करते हुए गांव के ही अनुज कुमार सिंह के पुत्र प्रिंस कुमार उर्फ गोलू एवं एक अज्ञात के विरुद्ध भारतीय दंड विधान की धारा 376 एडी एवं 3/4 पोक्सो एक्ट के तहत कांड संख्या 59/24 दर्ज की गई।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में जिला आसूचना इकाई की टीम के साथ छापेमारी करते हुए 24 घंटे के अंदर नामजद अभियुक्त प्रिंस को रोहतास से गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही उसके निशानदेही पर नाबालिग के दुष्कर्म में शामिल अज्ञात अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए उसके संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।