औरंगाबाद।शुक्रवार के अपराह्न राज्य आंगनबाड़ी सेविका सहायिका संघ सीटू एवं आईफा के बैनर तले देश भर में हो रहे महिला उत्पीड़न के खिलाफ सेविका तथा सहायिकाओं ने समाहरणालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने बिहार एवं केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी की।
प्रदर्शन में शामिल संगठन की जिला मंत्री सह राज्य महामंत्री मीना कुमारी ने कहा कि देश में प्रत्येक 16 मिनट पर महिलाएं युवतियों एवं बच्चियां बलात्कार का शिकार हो रही है। दुष्कर्मियों के द्वारा रेप की घटना के बाद उनकीनहट्या तक कर दी जा रही है। ऐसी घटनाओ के लगातार घटने से महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। केंद्र सरकार ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिया था, परंतु बेटी का पढ़ना तो दूर बेटियां दुष्कर्मियों के दुष्कर्म का शिकार होकर असमय काल के गाल में समा रही है।
इस प्रकार की घटना घटने के बाद भी सरकार कान में तेल डालकर सोई हुई है। महिलाओं ने कहा कि अभी हाल में ही पश्चिम बंगाल में महिला चिकित्सक के साथ मर्माहत कर देने वाली घटना घटी है। लेकिन पश्चिम बंगाल की सरकार सोई हुई है। प्रदर्शन में शामिल आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं ने ममता बनर्जी से नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की मांग की है।
इसके अलावा सेविका सहायिकाओं ने सरकार से मांगा कि देश या राज्य के किसी भी विभाग में काम करने वाली महिलाओं को सुरक्षा प्रदान किया जाए तथा सेविका सहायिका के मानदेय में अन्य राज्यों की भांति ग्रेच्युटी दे दी जाए।