औरंगाबाद।मदनपुर प्रखंड के दक्षिणी उमगा पंचायत स्थित चिलमी गांव के समीप गिधवा नाला पर वन विभाग के द्वारा चेकडैम निर्माण कार्य बुधवार से प्रारंभ कर दिया गया है। इसको लेकर वन विभाग के अधिकारियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने विधिवत पूजन किया। पूजन के बाद कार्य प्रारंभ कर दिया है।
चेकडैम बनने वाला स्थान पर वन विभाग के नंदू कुमार ने रेंज आफिसर अजीत कुमार एवं वनपाल बैजनाथ सिंह की उपस्थिति में पूजा किया। वहीं पहाड़ के नीचे पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि विजय कुमार उर्फ गोलू यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पूजन किया। वनपाल बैजनाथ सिंह ने बताया कि वन विभाग के द्वारा गिधवा नाला पर चेकडैम का निर्माण किया जा रहा है।
प्राकृतिक पानी को स्टोर किया जाएगा। इस पानी को ग्रामीण सिंचाई कार्य के लिए उपयोग कर सकेंगे। सिंचाई की दृष्टिकोण से चेकडैम का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीण तो इस पानी का सिंचाई कार्य में उपयोग कर सकेंगे साथ ही जंगली जानवरों को भी इसका लाभ मिलेगा। जानवर पानी पी सकेंगे। मार्च तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
लक्ष्य के अनुरुप कार्य किया जा रहा है। यह चेकडैम जनहित में काफी बेहतर है। पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि विजय कुमार उर्फ गोलू यादव ने बताया कि गिधवा नाला पर चेकडैम का निर्माण हो जाने से ग्रामीणों का जिंदगी संवर जाएगी। सूखा का मार झेल रहे ग्रामीणों की खेतों में हरियाली आ जाएगी। चेकडैम नहीं होने के कारण पहाड़ से आने वाला पानी बर्बाद हो जाता था।
जहां-तहां बह जाता था। चेकडैम बन जाने से ग्रामीणों की खेतों तक पानी पहुंच सकेगा। बेहतर उपज होगी। ग्रामीणों को आमदनी हो सकेगी। गिधवा नाला पर चेकडैम बनने से चिलमी , पिपरगढ़ी, शिवनगर, धोबीबाग, सिजुआही, जमुनिया, रतनुआ, ललटेनगंज, पितंबरा, जुड़ाही, नवाबांध, मुंशी बिगहा, खुटीडीह, बंगरे, ललटेनगंज, वकीलगंज, भगवानपुर, पितंबरा, रामाबांध, दुर्गापुर समेत करीब 25 गांव के ग्रामीण इससे लाभान्वित होंगे।
पानी की समस्या समाप्त हो जाएगी। गिधवा नाला किसान महासभा के संरक्षक तुलसी प्रसाद यादव, अध्यक्ष अमित कुमार, सचिव प्रदीप सिंह भोक्ता, ग्रामीण शिवन यादव, आशीष यादव ने बताया कि विजय यादव के नेतृत्व में हम सभी लोग वर्षों से गिधवा नाला पर चेकडैम बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। हर जगह मांग कर रहे थे। वन विभाग ने हम सबों की समस्या सुन ली। वन विभाग के तमाम सभी अधिकारियों के प्रति हम सभी ग्रामीण जिंदगी पर ऋणी रहेगें। वन विभाग के द्वारा जो यह चेकडैम बनाया जा रहा है इससे अब हमलोगों की खेतों में पटवन आसानी तरीके से होगा।
हमलोग बेहतर खेती कर सकेंगे। वन विभाग के सभी अधिकारियों को हमलोग धन्यवाद देते हैं। आशीष यादव, श्याम गोविंद यादव, श्याम नारायण यादव, नागेंद्र यादव, सुरेंद्र यादव, विशु महतो, संजय महतो, विशुनपत महतो, तपेश्वर सिंह भोक्ता, तेतर रिकियासन, विशुनदेव सिंह भोक्ता, जगदीप कुमार, गुड्डू कुमार, अमित कुमार, विक्रम कुमार, मनीष कुमार, प्रवेश यादव
समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। बता दें कि गिधवा नाला पर चेकडैम बनाने को लेकर दैनिक जागरण अखबार में कई बार खबर प्रकाशित की गई थी। ग्रामीणों की समस्या को अखबार के माध्यम से उठाया गया था। वर्तमान में प्रयास सफल हुआ है। वन विभाग के द्वारा गिधवा नाला पर चेकडैम का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है जिसका लाभ ग्रामीणों को मिलेगा। चेकडैम निर्माण प्रारंभ होने से ग्रामीण काफी खुश हैं।