औरंगाबाद: दाउदनगर थाना क्षेत्र के उमरचक गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 139 पर बुधवार के अपराह्न 11 बजे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो लोगो को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान ओबरा प्रखंड के खुदवा निवासी अतिनेश शर्मा तथा घायल की पहचान उसी गांव के अनिरुद्ध शर्मा के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अतिनेष शर्मा अपने गांव से अनिरुद्ध के साथ किसी निजी काम से दाउदनगर जा रहे थे तभी उमरचक गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे दोनो घायल हो गए। जिन्हे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल दाउदनगर ले जाया गया। मगर अतिनेश की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
इधर सदर अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही अतिनेश की मौत हो गई। जबकि घायल अनिरुद्ध शर्मा का इलाज दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है और उनकी भी स्थिति नाजुक बनी हुई है। इधर अतिनेेश शर्मा की मौत के बाद परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक लोजपा रामविलास स्मृति मंच के जिलाध्यक्ष सुधीर शर्मा के साढू हैं। उन्होंने बताया कि अतिनेष शर्मा की मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल नगर थाना की पुलिस शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटी हुई है। इधर घटना के बाद स्थानीय पुलिस व लोगो के माध्यम से ट्रक को पकड़ लिया गया है।